ग़ज़ल - वास्ता
व़ज़्न - 1222 1222 1222 1222
न दरबारी वजीरों से न ही छोटे सिपाही से ।
फकीरों के जुड़े है तार सीधे बादशाही से ।।
बहा के अश्क़ हमदर्दी जता देना दिखावा है ,
असल मतलब है' इनको सिर्फ अपनी वाहवाही से।।
खुदा की रहमतों वाली अदालत है बड़ी सबसे ,
जहाँ पर फैसले होते नहीं झूठी गवाही से ।।
अगर यूँ ही चली हर बार मनमर्जी तुम्हारी ही ,
पड़ेगा फर्क क्या बोलो मिरी हामी मनाही से ।।
चलें जो तान के सीना सरापा तन सफेदी में ,
सियासतदार वे सब खौफ खाते है सियाही से ।।
अभी के शोर से दुगुनी फकत खामोशियाँ होंगी ,
नया आगाज जब होगा कयामत की तबाही से ।।
बिना दीदार के जो इश्क़ को बेरंग कहते हैं ,
वे' शायद वास्ता रखते नहीं इश्क़ेइलाही से ।।
✍️
आशीष हरीराम नेमा
©aashish_hr_nema